
जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मशहूर गायिका कनिका कपूर ने अपने प्रशंसकों को एक खूबसूरत भजन ‘राधा राधा’ के रूप में एक विशेष तोहफा दिया, जो भक्तिपूर्ण संगीत प्रेमियों के दिलों को छू रहा है।
डांस नंबर्स के लिए प्रसिद्ध कनिका ने इस भजन के माध्यम से अपने संगीत का एक नया और आध्यात्मिक रूप सामने रखा है। यह गीत राधा-कृष्ण की दिव्य प्रेम कहानी को समर्पित है और इसकी मधुरता श्रोताओं को आध्यात्मिक आनंद में डुबो देती है।
कनिका कपूर ने कहा, “भक्ति संगीत ने मुझे हमेशा आकर्षित किया है और ‘राधा राधा’ के ज़रिए मैं अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त कर पाई हूँ। मुझे विश्वास है कि जैसे इस भजन ने मुझे छूआ है, वैसे ही यह श्रोताओं को भी गहराई से प्रभावित करेगा।”
‘राधा राधा’ कनिका की संगीत यात्रा का एक नया अध्याय है, जो भक्ति संगीत को आधुनिकता के साथ एक भावनात्मक गहराई भी प्रदान करता है। यह भजन न केवल जन्माष्टमी को खास बनाता है, बल्कि साल भर श्रोताओं में अध्यात्मिक ऊर्जा जगाता रहेगा।